नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को सड़कों, स्वच्छता, स्कूलों और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई हजार करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता की सोमवार को घोषणा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री विकास कोष के तहत विशेष आवंटन भी किए गए हैं।
बयान के मुताबिक, स्वच्छता सेवाएं और 60 फुट से कम चौड़ी सड़कों का रखरखाव एमसीडी के अंतर्गत आता है और करीब 1,330 करोड़ रुपये के प्रस्ताव 2026-27 में लगभग 1,000 किलोमीटर सड़कों के पक्कीकरण, मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए तैयार किए गए हैं।
बयान में कहा गया है कि विशेष रूप से अक्टूबर और नवंबर के दौरान धूल से उत्पन्न होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए सभी प्रमुख कार्यों को 30 सितंबर 2026 तक पूरा किया जाना चाहिए।
इसके अलावा बयान में कहा गया है कि सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए एक स्थायी समाधान देने के उद्देश्य से 2,300 करोड़ रुपये की 10 साल की ओपेक्स (परिचालन व्यय) मॉडल परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 70 अतिरिक्त मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें और कूड़ा उठाने वाली 1,000 इलेक्ट्रिक मशीनें तैनात की जाएंगी।
इसमें कहा गया है कि एमसीडी के प्राथमिक विद्यालयों के उन्नयन के लिए अतिरिक्त 50 करोड़ रुपये और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों द्वारा उपयोग किए जाने वाले 298 सामुदायिक भवनों की मरम्मत के लिए 50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
गुप्ता ने कहा, ‘स्थानीय निकायों को सशक्त बनाना सरकार की विकास की प्राथमिकता है।’
उन्होंने कहा कि यह वित्तीय सहायता विकेंद्रीकृत शासन और नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में दीर्घकालिक सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
भाषा
नोमान सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
