scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमखेलइन परिस्थितियों में रक्षात्मक खेल ही आक्रमण का कारगर तरीका हो सकता है: नेत्रवलकर

इन परिस्थितियों में रक्षात्मक खेल ही आक्रमण का कारगर तरीका हो सकता है: नेत्रवलकर

Text Size:

मुबई, छह फरवरी (भाषा) पिछले टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ जीत के नायक और भारत के खिलाफ दो अहम विकेट चटकाने वाले अमेरिका की टीम के खिलाड़ी सौरव नेत्रवलकर का मानना है कि भारतीय उपमहाद्वीप में खेलते समय रक्षात्मक खेल ही आक्रमण का सबसे अच्छा तरीका हो सकता है।

अमेरिका की टीम शनिवार से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।

नेत्रवलकर मुंबई के उन तीन खिलाड़ियों में से एक होंगे जो भारत के खिलाफ अमेरिका के लिए मैदान पर उतर सकते हैं। नेत्रवलकर वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय सरजमीं पर अपने पहले मैच के लिए तैयार हैं, लेकिन चुनौतियों से भी वाकिफ हैं।

उन्होंने भारत के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘हमारा ध्यान नुकसान को कम करने पर होगा, जैसा कि आप कह रहे हैं इन मैदानों पर बड़े स्कोर बनते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें क्षेत्ररक्षकों की सजावट के मुताबिक गेंदबाजी करनी होगी। जब हम इस तरह की रणनीति से गेंदबाजी करते हैं तो अपने लिए मौके बढ़ाते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की पिचों पर रक्षात्मक खेल ही सबसे अच्छा आक्रमण हो सकता है और उम्मीद है कि हम बल्लेबाज को गलती करने पर मजबूर कर पाएंगे, इन विकेटों पर गेंदबाज के तौर पर हम यही सबसे अच्छा कर सकते हैं।’’

वानखेड़े स्टेडियम में खेलने के बारे में नेत्रवलकर ने कहा कि इससे उन्हें अपने बचपन के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिए एक तरह से मानो किसी चक्र के पूरा होने जैसा है क्योंकि मैंने यहीं क्रिकेट सीखा है। मैं मुंबई में पला-बढ़ा हूं और वानखेड़े में खेलने का मौका मिलना। यह बचपन से मेरा सपना रहा है, बहुत खुशी की बात है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत ही भावुक कर देने वाला और यादगार पल है (और इसे होते हुए देखकर बहुत अच्छा लग रहा है)। मैं अपने परिवार और दोस्तों की मौजूदगी का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दूंगा।’’

अमेरिका के बल्लेबाज संजय कृष्णमूर्ति ने कहा कि उनकी टीम की उपस्थिति अमेरिका के क्रिकेट के भविष्य के खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ अमेरिका के लोगों के लिए यह एक खास मौका है कि हम दुनिया की बेहतरीन टीमों में से एक के खिलाफ इस ऐतिहासिक स्टेडियम में खेल रहे हैं। यह भविष्य की पीढ़ी के क्रिकेटरों को प्रेरित करेगा।’’

नेत्रवलकर ने 2024 टी20 विश्व कप में टीम के सुपर आठ में पहुंचने को याद करते हुए कहा, ‘‘ हमने तब से अनुभव के मामले में काफी बढ़ोतरी की है, विशेष रूप से मेजर लीग क्रिकेट की तीन सत्र से हमें काफी फायदा हुआ है। हमारे कई खिलाड़ियों को दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीग में अच्छे मौके मिले हैं। हमने 2027 (एकदिवसीय) विश्व कप के क्वालीफायर भी खेले हैं। यह अनुभव हमारे काम आयेगा।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments