scorecardresearch
Friday, 20 March, 2026
होमदेशविद्यार्थी जीवन को गढ़ने वाला संगठन है एनसीसी: राज्यपाल बागडे

विद्यार्थी जीवन को गढ़ने वाला संगठन है एनसीसी: राज्यपाल बागडे

Text Size:

जयपुर, छह फरवरी (भाषा) राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) को विद्यार्थी जीवन को गढ़ने वाला संगठन बताया है।

बागड़े दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले एनसीसी कैडेट्स के लिए यहां लोकभवन में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल ने इस दौरान राष्ट्रीय कैडेट कोर को विद्यार्थियों के जीवन को गढ़ने वाला बताते हुए कहा कि यह देश का अनुशासित, राष्ट्र प्रतिबद्ध सैन्य प्रशिक्षण से ही जुड़ा संगठन नहीं है बल्कि आपदा काल में देश सेवा से जुड़ा भी प्रमुख संगठन है।

उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं के चरित्र निर्माण के साथ-साथ सेवा और एकता की भावना जगाने वाला संगठन है।

आधिकारिक बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स एक बार इसमें आता है तो फिर हमेशा राष्ट्र के लिए समर्पित हो जाता है। उन्होंने सभी से देश को समृद्ध बनाने में भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने एनसीसी को चरित्र निर्माण की पाठशाला बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस संगठन के विकास के लिए निरंतर प्रयत्नशील है।

उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

इससे पहले राज्यपाल बागडे ने एनसीसी के विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त कैडेट्स सीनियर अंडर ऑफिसर मोनिका, सलोनी यादव, नमन चौधरी, आयुषी जैन और अंडर ऑफिसर युवराज राठौड़ को सम्मानित किया।

उन्होंने चयनित कैडेट्स को उपहार भी प्रदान किए। कर्नल नितिन ने गणतंत्र दिवस परेड में राजस्थान के एनसीसी कैडेट्स के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी।

छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर राजस्थान की लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी नृत्य और संगीत प्रस्तुतियां दी।

भाषा पृथ्वी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments