नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के द्वारका इलाके में मंगलावर को दो कारों और एक बाइक की टक्कर में 23 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि द्वारका साउथ थाने में पूर्वाह्न 11.57 बजे इस घातक दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां दो कार-एक निजी एसयूवी और एक टैक्सी तथा एक मोटरसाइकिल आपस में टकरा गई थीं।
अधिकारियों के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार की पहचान प्रॉपर्टी डीलर साहिल धनेश्रा (23) के रूप में हुई। मोटरसाइकिल सवार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया और पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि टैक्सी चालक अजीत सिंह भी इस घटना में घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय अस्पताल ले जाया गया। इसने कहा कि उसकी हालत स्थिर है।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान पाया गया कि एसयूवी के चालक की पहचान अक्षत्र सिंह (19) के रूप में हुई। उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआती जांच के अनुसार, एसयूवी गुरुद्वारे की दिशा से आ रही थी, जबकि मोटरसाइकिल विपरीत दिशा से आ रही थी। एसयूवी और मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद, एसयूवी सड़क किनारे खड़ी टैक्सी से टकरा गई।’’
पुलिस ने बताया कि जांच के क्रम में तीनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
