गुवाहाटी, दो फरवरी (भाषा) असम के कोकराझार को भूटान के गेलफू से जोड़ने वाली रेलवे लाइन पर काम अगले तीन वर्षों में पूरा होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने कहा, “भूटान से कनेक्टिविटी के लिए दो परियोजनाएं हैं। एक 69 किलोमीटर लंबी कोकराझार–गेलफू रेलवे लाइन और दूसरी 20 किलोमीटर लंबी बनारहाट (पश्चिम बंगाल)–सामत्से (भूटान) रेलवे लाइन है।”
एनएफआर (निर्माण) के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हितेंद्र गोयल ने कहा कि असम में यह परियोजना, कार्य शुरू होने के बाद लगभग तीन वर्ष में पूरी हो सकती है।
उन्होंने कहा, “ इस कार्य के लिए सरकार का रवैया सकारात्मक और सहयोगपूर्ण रहा है।”
अधिकारियों ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भूटान को रेल माध्यम से जोड़ने वाली परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण समेत कई समस्याएं सामने आई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रगति “धीमी” रहने के कारण पश्चिम बंगाल की यह परियोजना पूरी होने में समय लगने की संभावना है।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
