scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशदिल्ली: गहने चुराने के आरोप में घरेलू सहायिका गिरफ्तार

दिल्ली: गहने चुराने के आरोप में घरेलू सहायिका गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) दिल्ली के द्वारका में अपने नियोक्ता के घर से सोने और हीरे के गहने चुराने के आरोप में एक घरेलू सहायिका को मध्यप्रदेश के दमोह से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि दमोह निवासी घरेलू सहायिका लक्ष्मी रानी बंसल के पास से सोने की दो चूड़ियां, सोने की बालियों की एक जोड़ी, हीरे की बालियों की एक जोड़ी, झुमके के साथ एक सोने का पेंडेंट और झुमके के साथ एक सोने का हार बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में 22 जनवरी को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद द्वारका के सेक्टर-23 थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा के तहत एक ई-प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने बताया कि चोरी की घटना सामने आने के तुरंत बाद बंसल अपने किराए के मकान से लापता हो गई थी, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ और उसकी पहचान संदिग्ध के रूप में की गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बंसल के फोन कॉल रिकॉर्ड के विश्लेषण से पता चला कि वह मध्यप्रदेश में अपने पैतृक स्थान चली गई है।

पुलिस ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर, मध्यप्रदेश में स्थानीय पुलिस की सहायता से, टीम ने दमोह जिले के गांव पथरिया में उसके घर पर छापा मारा।

पुलिस ने बताया कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया और कानून के अनुसार आभूषण को जब्त कर लिया गया।

भाषा

प्रचेता दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments