रांची, दो फरवरी (भाषा) रांची में एक व्यक्ति की पीटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उसके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शनिवार को लालपुर पुलिस थाना क्षेत्र के बरियातू परिसर में धोबी घाट के पास हुई थी। मृतक की पहचान मधेश्वर सिंह के रूप में हुई है। उसकी आयु 55 से 60 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक (सिटी) के.वी. रमन ने कहा, ‘हमने इस मामले में एक व्यक्ति और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मुन्ना उरांव और उसके दो बेटों, अमन और अनिकेत उरांव के रूप में हुई है।’’
उन्होंने बताया कि सिंह नशे की हालत में था और पड़ोसियों से किसी बात पर उसकी कहासुनी हुई थी, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया।’’
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि सिंह को घायल अवस्था में तुरंत राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के सिलसिले में लालपुर पुलिस थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
