scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशजबलपुर में बरगी बांध के नहर में दरार; कोई हताहत नहीं: अधिकारी

जबलपुर में बरगी बांध के नहर में दरार; कोई हताहत नहीं: अधिकारी

Text Size:

जबलपुर, एक फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में रविवार को बरगी बांध की दाहिनी ओर की नहर में दरार आ गई, जिससे आसपास के खेतों में पानी भर गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि सगड़ा-झपनी गांव के पास तटबंध को नुकसान पहुंचने से प्रभावित क्षेत्र में दहशत फैल गई।

दोपहर करीब 2.30 बजे हुई इस घटना में किसी जानहानि की सूचना नहीं है।

जबलपुर के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि करीब दो घंटे में खेतों से पानी निकल जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नहर के गेट बंद कर दाहिने किनारे की नहर के माध्यम से पानी छोड़े जाने को रोक दिया है।

कलेक्टर ने कहा कि उन्होंने फसल के नुकसान का तत्काल सर्वेक्षण करने का आदेश दिया है।

सिंह ने कहा कि नहर की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।

रानी अवंती बाई सागर परियोजना जिला मुख्यालय से लगभग 32 किमी दूर है। यह मध्यप्रदेश में एक प्रमुख बांध है। इसे आमतौर पर बरगी परियोजना के रूप में जाना जाता है।

कलेक्टर ने कहा कि पिछले साल मार्च में मरम्मत कार्यों से जुड़े एक प्रस्ताव को मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया था।

यह नहर राज्य के विंध्य क्षेत्र के रीवा जिले तक जाती है।

स्थानीय किसानों और ग्रामीणों ने दावा किया कि नहर की स्थिति लंबे समय से खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनकी बार-बार की शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया।

राइट बैंक कैनाल के कार्यकारी अभियंता के साथ राजस्व अधिकारी और प्रशासनिक और तकनीकी दल घटनास्थल पर मौजूद हैं।

भाषा सं ब्रजेन्द्र नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments