कोच्चि, एक फरवरी (भाषा) केरल के फोर्ट कोच्चि स्थित नौसेना परिसर आईएनएस द्रोणाचार्य के पास ड्रोन उड़ाने के आरोप में दो पर्यटकों के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना निवासी सुहैल गासी और हरियाणा के फरीदाबाद निवासी अमित कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पूर्वाह्न करीब नौ बजे सूचना मिली कि आईएनएस द्रोणाचार्य के पास बीच रोड पर एक ड्रोन उड़ता देखा गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि पर्यटन पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे, दोनों व्यक्तियों को रोका और उन्हें फोर्ट कोच्चि पुलिस थाना ले गए।
पुलिस ने बताया कि पर्यटक के तौर पर आए दोनों व्यक्ति ड्रोन का इस्तेमाल करके इलाके की वीडियोग्राफी कर रहे थे। दोनों पर्यटकों ने दावा किया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह स्थान ड्रोन के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र है।
पुलिस के मुताबिक ड्रोन को जब्त कर लिया गया है और भारतीय न्याय संहिता, विमान अधिनियम और ड्रोन नियमों के सुसंगत प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि केरल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक फोर्ट कोच्चि, एक रेड जोन के अंतर्गत आता है जहां ड्रोन संचालन प्रतिबंधित है, क्योंकि यहां आईएनएस द्रोणाचार्य और तटरक्षक बल का राज्य मुख्यालय स्थित है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
