चंडीगढ़, एक फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री चौधरी ओम प्रकाश धनखड़ ने रविवार को केंद्रीय बजट 2026-27 को दूरदर्शी, संतुलित और जनहितैषी बताया।
उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में यह भी कहा कि बजट का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करना है।
धनखड़ ने मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए बजट को सशक्त और समावेशी बताया।
उन्होंने कहा कि बजट आम आदमी को राहत एवं नये अवसर प्रदान करता है, साथ ही महंगाई के प्रभाव को कम करने, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने तथा सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने पर भी ध्यान केंद्रित करता है।
धनखड़ ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और बुनियादी ढांचे में निवेश बढ़ाने से जीवन स्तर में सुधार होगा एवं रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने किसानों के लिए लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बजट में सिंचाई, फसल विविधीकरण, भंडारण, प्रसंस्करण और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत कर कृषि आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रौद्योगिकी आधारित कृषि, कृषि-उद्यमिता और डेरी क्षेत्र को बढ़ावा देने से किसानों और पशुपालकों को लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं को सशक्त बनाने के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप, नवाचार और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
