scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशफोन टैपिंग मामला: तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री राव हैदराबाद में एसआईटी के सामने पेश हुए

फोन टैपिंग मामला: तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री राव हैदराबाद में एसआईटी के सामने पेश हुए

Text Size:

हैदराबाद, एक फरवरी (भाषा) तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) रविवार को बीआरएस की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान कथित ‘फोन टैपिंग’ से संबंधित एक मामले के सिलसिले में तेलंगाना पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष अपने आवास पर पूछताछ के लिए पेश हुए।

पूछताछ से कुछ घंटे पहले, राव हैदराबाद से लगभग 70 किलोमीटर दूर येर्रावल्ली स्थित अपने फार्महाउस से निकले और एसआईटी के सामने पेश होने के लिए नंदी नगर स्थित अपने आवास पर पहुंचे।

एसआईटी अधिकारियों का एक दल भी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अध्यक्ष के आवास पहुंचा।

राव के आवास के पास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, भारी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था और गली को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया था।

‘केसीआर’ के नाम से चर्चित राव ने शनिवार को एसआईटी से कहा था कि वह एक फरवरी को पूछताछ के लिए पेश होंगे। उन्होंने नोटिस जारी करने में जांच अधिकारी पर ‘‘कानूनी प्रक्रियाओं का उल्लंघन’’ किए जाने का भी आरोप लगाया।

बीआरएस कार्यकर्ताओं ने रविवार को कांग्रेस सरकार द्वारा उनके नेता के “राजनीतिक उत्पीड़न” के विरोध में तेलंगाना में प्रदर्शन किया।

यह मामला पूर्ववर्ती बीआरएस शासन के दौरान नेताओं, कारोबारियों, पत्रकारों, न्यायपालिका के सदस्यों और अन्य प्रमुख व्यक्तियों का व्यापक, अनधिकृत और अवैध तरीके से फोन टैप किए जाने के आरोपों से जुड़ा है।

भाषा प्रशांत शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments