scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमदेशमप्र: गणतंत्र दिवस पर मैहर के स्कूल में रद्दी कागज, किताब के पन्नों पर परोसा गया मध्याह्न भोजन

मप्र: गणतंत्र दिवस पर मैहर के स्कूल में रद्दी कागज, किताब के पन्नों पर परोसा गया मध्याह्न भोजन

Text Size:

मैहर (मध्यप्रदेश), 27 जनवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के मैहर जिले के एक स्कूल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर बच्चों को रद्दी कागज और किताब के पन्नों पर मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) परोसा गया, जिसके बाद प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए।

मामला जिले के भटिगंवा स्थित शासकीय उच्च विद्यालय का है, जहां गणतंत्र दिवस के मौके पर बच्चों को विशेष मध्याह्न भोजन के नाम पर थाली या पत्तल नहीं बल्कि रद्दी कॉपी और किताबों के फटे पन्नों पर हलवा और पूड़ी परोसी गई।

इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। वीडियो में स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है कि छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर में जमीन पर बैठे हैं और उनके सामने न कोई थाली है, न प्लेट।

वीडियो में दिख रहा है कि बच्चों के सामने पुरानी कॉपियों और किताबों के पन्ने फाड़कर बिछाए गए हैं और इन्हीं पर उन्हें हलवा और पूड़ी परोसी गई है तथा बच्चे उसी कागज पर खाना खा रहे हैं।

सतना और मैहर के जनसंपर्क अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर मैहर जिले के भटगंवा स्कूल में बच्चों को कागज में विशेष भोज देने की खबर को संज्ञान में लेकर मैहर की कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड ने जांच करने तथा संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने बताया कि जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) विष्णु त्रिपाठी से प्राप्त जांच प्रतिवेदन के अनुसार, शासकीय उच्च विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सुनील कुमार त्रिपाठी के निलंबन का प्रस्ताव रीवा के कमिश्नर को भेजा गया है और संविदा कर्मचारी बीआरसी प्रदीप सिंह का एक माह का वेतन काटा गया है।

उन्होंने बताया कि कलेक्टर ने इस लापरवाही पर जिला पंचायत की मध्यान्ह भोजन शाखा प्रभारी और डीपीसी त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जानकारों के मुताबिक, अखबार या लिखे हुए रद्दी कागज पर खाना रखकर खाना स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है क्योंकि प्रिंटिंग स्याही में लेड और खतरनाक रसायन होते हैं, जो गर्म खाने के संपर्क में आकर पेट में जाते हैं और गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।

भाषा सं ब्रजेन्द्र मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments