scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशशिंदे और शिवसेना (उबाठा) को एकजुट होना चाहिए: जाधव

शिंदे और शिवसेना (उबाठा) को एकजुट होना चाहिए: जाधव

Text Size:

छत्रपति संभाजीनगर, 21 जनवरी (भाषा) परभणी लोकसभा सीट से सांसद संजय जाधव ने कहा है कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को एक साथ आना चाहिए, जैसा कि पवार परिवार ने किया।

जाधव ने दावा किया कि पुणे और पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका चुनावों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार और उनके चाचा तथा राकांपा (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार के बीच हुए गठबंधन से प्रेरणा लेते हुए, शिवसेना के दोनों गुटों को हाथ मिला लेना चाहिए, क्योंकि भाजपा शिंदे को ‘हजम’ करने की कोशिश कर रही है।

हाल में संपन्न हुए परभणी महानगरपालिका चुनावों में शिवसेना (उबाठा) ने 65 निर्वाचन क्षेत्रों में से 25 में जीत हासिल की थी। भारतीय जनता पार्टी (​​भाजपा) को 12 सीट मिलीं, जबकि ‘महायुति’ गठबंधन में शामिल उसकी सहयोगी शिवसेना एक भी सीट नहीं जीत सकी थी।

उन्होंने दावा किया, ‘‘शिंदे को पवार परिवार से सीख लेनी चाहिए और इस बात को प्रदर्शित करना चाहिए कि (मूल) शिवसेना एकजुट है। इससे पहले, भाजपा ने उद्धव ठाकरे को (राजनीतिक रूप से) समाप्त करने की साजिश रची थी।”

बाल ठाकरे द्वारा स्थापित शिवसेना में 2022 में हुए विभाजन और उसके बाद के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए, शिवसेना (उबाठा) नेता ने दावा किया कि शिंदे ने अतीत में जो कुछ भी किया, वह पैसे की मदद से किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, पैसे एक दिन खत्म हो जाएंगे। फिर, भाजपा शिंदे को हजम कर जाएगी।’’

भाषा देवेंद्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments