भुवनेश्वर, 16 जनवरी (भाषा) ओडिशा के अंगुल जिले में एक नर जंगली हाथी की संदिग्ध विस्फोटक सामग्री खाने के बाद मौत हो गई। एक वन अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
संदिग्ध विस्फोटक सामग्री खाने से हाथी के मुंह में गंभीर चोट आई थी। पांच साल के इस हाथी को पहली बार 13 जनवरी को अंगुल जिले के बंतला वन क्षेत्र में देखा गया था।
अंगुल के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) नीतीश कुमार ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि यह जानवर 51 हाथियों के झुंड के साथ चल रहा था। उन्होंने बताया कि हालांकि मुंह में गंभीर चोट लगने के कारण कमजोर हो जाने पर यह झुंड से अलग हो गया।
उन्होंने बताया कि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद 15 जनवरी को पशु चिकित्सकों की एक समर्पित टीम ने उसका इलाज शुरू किया।
कुमार ने बताया कि इसके बाद इलाज के लिए उसे कपिलाश हाथी बचाव केंद्र ले जाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि हालांकि, बचाव केंद्र ले जाते समय ही उसकी मौत हो गई।
डीएफओ ने बताया कि संदेह है कि कुछ बदमाशों ने कोई देशी बम या विस्फोटक पदार्थ रखा था, जिसे खाने से हाथी घायल हो गया। उसके घायल होने का सटीक कारण इलाज कर रही पशु चिकित्सा टीम द्वारा पता लगाया जा सकता है।
कुमार ने कहा, ‘हमने जंगली जानवर का पोस्टमॉर्टम कराया है। उसके शव का विधिवत निपटान किया जाएगा। हाथी की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।’
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
