scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमखेलबेल्जियम के डिफेंडर वैन डोरेन ने कहा, भारत 2026 हॉकी विश्व कप का प्रबल दावेदार

बेल्जियम के डिफेंडर वैन डोरेन ने कहा, भारत 2026 हॉकी विश्व कप का प्रबल दावेदार

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 दिसंबर (भाषा) बेल्जियम के डिफेंडर आर्थर वैन डोरेन का मानना ​​है कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अपने प्रदर्शन में निरंतरता दिखाई है जिससे वह अगले साल होने वाले पुरुष हॉकी विश्व कप में खिताब का प्रबल दावेदार बन गया है।

भारत ने पिछले दो ओलंपिक खेलों में कांस्य जीता था और वैन डोरेन का मानना है कि भारतीय टीम को किसी भी दृष्टिकोण से कम करके नहीं आंका जा सकता है।

वैन डोरेन ने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘भारत को बड़े दावेदारों के रूप में न मानना ​​असंभव है। भारतीय टीम ने लंबे समय से अच्छे परिणाम हासिल किए हैं। वह पिछले दो ओलंपिक खेलों की पदक विजेता है। इसलिए विश्व कप की बात करते समय भारत को नजरअंदाज करना अब उचित नहीं होगा।’’

लगभग 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके बेल्जियम के इस दिग्गज खिलाड़ी ने भारतीय टीम के शानदार संतुलन की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके पास लगभग हर विभाग में अच्छे खिलाड़ी हैं। उनके पास एक अच्छा कोच है, अनुभवी खिलाड़ी हैं और उसके युवा खिलाड़ी भी प्रतिभावान हैं। भारतीय टीम आज जिस मजबूत स्थिति में हैं वह महज संयोग नहीं है। इसके लिए उन्होंने लंबे समय से काम किया जिसके परिणाम अब मिल रहे हैं।’’

वैन डोरेन ने इसके साथ ही कहा कि विश्व कप में किसी भी टीम को काम करके नहीं आंका जा सकता है और खिताब की दौड़ बेहद कड़ी होने की संभावना है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और बेल्जियम जैसी टीमों के लिए चुनौती आसान नहीं होगी क्योंकि पांच, छह या सात और टीमें हैं जो हमारी तरह ही आत्मविश्वास से भरी हैं। यही इस समय अंतरराष्ट्रीय हॉकी की खूबसूरती है। शीर्ष पर मुकाबला बेहद कड़ा है।’’

वैन डोरेन ने भारतीय खिलाड़ियों विशेषकर युवा पीढ़ी के उभरते खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता की भी जमकर प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय हॉकी टीम दुनिया के किसी भी अन्य टीम की तुलना में अधिक व्यस्त हैं। वे सीखना चाहते हैं, खेलना चाहते हैं और प्रगति करना चाहते हैं। उसके पास कई युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। उनके खिलाड़ी कम उम्र में ही अपने कौशल को अगले स्तर पर पहुंचा देते हैं।’’

विश्व कप अगले साल 14 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम में खेला जाएगा।

भाषा

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments