scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमखेलवोहरा के अर्धशतक से चंडीगढ़ ने महाराष्ट्र को हराया

वोहरा के अर्धशतक से चंडीगढ़ ने महाराष्ट्र को हराया

Text Size:

कोलकाता, 30 नवंबर (भाषा) सलामी बल्लेबाज मनन वोहरा की 48 गेंद में नाबाद 72 रन की पारी की बदौलत चंडीगढ़ ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी मैच में रविवार को यहां महाराष्ट्र को पांच विकेट से हरा दिया।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए महाराष्ट्र ने अर्शिन कुलकर्णी की 41 गेंद में 47 रन की पारी से 20 ओवर में सात विकेट पर 139 रन का स्कोर खड़ा किया। विक्की ओस्तवाल ने 28 जबकि निखिल नाईक ने 24 रन का योगदान दिया।

चंडीगढ़ की ओर से संदीप शर्मा ने 18 रन पर दो विकेट चटकाए। जगजीत सिंह, निखिल शर्मा, राहुल सिंह और भागमेंदर लाठेर ने एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए चंडीगढ़ ने 6.2 ओवर में 43 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन वोहरा ने पारी को संभाला जिससे टीम ने दो गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 142 रन बनाकर जीत दर्ज की।

वोहरा ने 48 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के मारे। उन्होंने निखिल ठाकुर (36) के साथ चौथे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की।

प्रशांत सोलंकी (22 रन पर एक विकेट) ने निखिल को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा।

लाठेर भी 13 रन बनाकर रन आउट हो गए जिसके बाद वोहरा ने निखिल शर्मा (नाबाद 05) के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments