scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमविदेशब्रिटेन के वकीलों ने लेबर सांसद सिद्दीक के खिलाफ बांग्लादेश में ‘अनुचित’ मुकदमे को लेकर आगाह किया

ब्रिटेन के वकीलों ने लेबर सांसद सिद्दीक के खिलाफ बांग्लादेश में ‘अनुचित’ मुकदमे को लेकर आगाह किया

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, 26 नवंबर (भाषा) ब्रिटेन के नामी वकीलों और कानून विशेषज्ञों के एक समूह ने लेबर पार्टी की सांसद ट्यूलिप सिद्दीक के खिलाफ बांग्लादेश में चलाये जा रहे ‘‘अनुचित और मनगढ़ंत’’ मुकदमे के परिणामों के प्रति आगाह किया है।

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की भांजी सिद्दीक ने अपने परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप सामने आने के बाद, इस साल की शुरुआत में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टारमर के मंत्रिमंडल से वित्त मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।

अगस्त में ढाका में सिद्दीक के खिलाफ मुकदमा शुरू हुआ तथा बांग्लादेश के भ्रष्टाचार रोधी आयोग (एसीसी) का फैसला इस सप्ताह के अंत में आने की उम्मीद है।

बांग्लादेश की लंदन में उच्चायुक्त आबिदा इस्लाम को लिखे पत्र में, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर की पत्नी चेरी ब्लेयर और पूर्व मंत्री रॉबर्ट बकलैंड तथा डोमिनिक ग्रीव सहित वकीलों ने चिंता जताई है कि ढाका में मुकदमे की कार्यवाही के दौरान सिद्दीक को बुनियादी अधिकार नहीं दिये गए हैं।

मंगलवार को ‘द गार्डियन’ अखबार द्वारा प्रकाशित पत्र में लिखा है, ‘‘ऐसी प्रक्रिया कृत्रिम और बनावटी है तथा मुकदमा चलाने का एक अनुचित तरीका है।’’

बांग्लादेश में एक विशेष न्यायाधिकरण द्वारा हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाए जाने के कुछ दिनों बाद यह पत्र सामने आया है।

पत्र में लिखा है, ‘‘चूंकि वह (सिद्दीक) ब्रिटेन में रहती हैं और ब्रिटेन की नागरिक हैं, इसतरह, यह स्पष्ट है कि वह भगोड़ा नहीं हैं। वह संसद की निर्वाचित सदस्य हैं, जिनसे ‘हाउस ऑफ़ कॉमन्स’ (ब्रिटिश संसद के निचले सदन) में संपर्क किया जा सकता है, और अगर उनके प्रत्यर्पण के लिए उचित आधार हैं, तो उन्हें आरोपों का सामना करने के लिए बांग्लादेश प्रत्यर्पित किया जा सकता है।’’

पत्र में लिखा है, ‘‘सिद्दीक को न केवल उनके खिलाफ लगे आरोप और सबूत पेश नहीं किए गए, बल्कि उन्हें वकील भी नहीं मिल पाया। बांग्लादेश में जिस वकील को उन्होंने अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए नियुक्त किया था, उसे यह कहकर उनकी पैरवी छोड़ने के लिए मजबूर किया गया कि उन्हें नज़रबंद कर दिया गया है।’’

विशेषज्ञों का कहना है कि बांग्लादेश से मिल रही खबरें ‘‘अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद से कानून व्यवस्था में हस्तक्षेप और धमकी के एक पैटर्न’’ की ओर इशारा करती हैं।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली एसीसी ने दावा किया है कि लंदन में लेबर पार्टी की सांसद को ‘‘शक्ति और प्रभाव के दुरुपयोग’’ के माध्यम से राजनयिक क्षेत्र में 7,200 वर्ग फुट का भूखंड प्राप्त हुआ।

सिद्दीक (43) ने अपने खिलाफ लगे सभी आरोपों का लगातार खंडन किया है और दावा किया है कि अभियोजन पक्ष राजनीति से प्रेरित है।

जनवरी में स्टारमर को लिखे अपने त्यागपत्र में, उन्होंने बताया कि मंत्रियों के हितों पर उनके स्वतंत्र सलाहकार ने उन्हें ब्रिटेन के मंत्रिस्तरीय संहिता का उल्लंघन करते हुए नहीं पाया है और कहा कि उन्होंने ‘‘अनुचित तरीके से काम नहीं किया है।’’

वकीलों द्वारा इस सप्ताह लिखे गए पत्र में इस बात को रेखांकित किया गया है कि बांग्लादेश में सिद्दीक पर आरोप लगाने में मीडिया की व्यापक भागीदारी ‘‘हस्तक्षेप से मुक्त निष्पक्ष सुनवाई के अनुरूप कैसे हो सकती है।’’

बांग्लादेशी उच्चायोग ने इस पत्र या ब्रिटेन की मीडिया में आई खबरों पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments