मुंबई, 17 नवंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे बढ़कर 88.63 (अस्थायी) पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती के रुख और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण रुपये में मजबूती का रुख रहा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने और विदेशी पूंजी की निकासी से रुपये पर दबाव पड़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 88.70 पर खुला और इसने डॉलर के मुकाबले कारोबार के दौरान 88.56 के उच्चतम स्तर और 88.73 के निचले स्तर को छुआ।
कारोबार के अंत में रुपया डॉलर के मुकाबले 88.63 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से तीन पैसे की बढ़त है।
शुक्रवार को, रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले चार पैसे बढ़कर 88.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.29 प्रतिशत बढ़कर 99.29 पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63.87 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 388.17 अंक बढ़कर 84,950.95 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 103.40 अंक चढ़कर 26,013.45 अंक पर बंद हुआ।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 4,968.22 करोड़ रुपये मूल्य की शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
