scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमविदेशउत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने 26 आतंकवादियों को मार गिराया

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने 26 आतंकवादियों को मार गिराया

Text Size:

पेशावर, 14 नवंबर (भाषा) उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक अभियान में सुरक्षा बलों ने 26 आतंकवादियों को मार गिराया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ये तीनों अभियान बृहस्पतिवार को बाजौर, कोहाट और करक जिलों में चलाये गए।

गद्दार गांव में बड़ी संख्या में आतंकवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद बाजौर में यह ऑपरेशन चलाया गया।

सुरक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने एक बेहद प्रभावी और लक्षित अभियान चलाया, जिसमें 22 आतंकवादी मार गिराये गए।”

उन्होंने बताया कि आतंकवादी उस गांव में छिपे हुए थे, जिसे स्थानीय लोगों ने कबायली बुजुर्गों के सहयोग से पहले ही खाली करा लिया था।

सुरक्षा अधिकारी ने बताया, “सैन्य अभियान के समय लक्ष्य के आसपास के सभी घर खाली थे, जिससे किसी भी नागरिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।”

अधिकारी ने बताया, “पाकिस्तान राष्ट्र और उसकी सुरक्षा एजेंसियां आतंकवाद के इस अभिशाप को पूरी तरह से खत्म करने के लिए एकजुट हैं और ये अभियान तब तक जारी रहेंगे जब तक कि आतंकवाद का नामोनिशान नहीं मिट जाता।”

कोहाट के जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) शहबाज इलाही के अनुसार, सदर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ नियमित गश्त पर थे कि तभी आतंकवादियों ने बाजीद खेल के पास उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।

पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और हमलावरों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें तीन आतंकी ढेर हो गये।

पुलिस ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने करक जिले के मीर कलाम बंदा इलाके में एक अभियान चलाया।

आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के एक प्रवक्ता ने बताया कि कई गंभीर मामलों में वांछित एक आतंकवादी मुठभेड़ के दौरान मारा गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों से जुड़े नेटवर्क की पहचान के लिए जांच की जा रही है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments