नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल न्यूजीलैंड की यात्रा के दौरान प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर चल रही वार्ता की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को बयान में कहा कि गोयल पांच नवंबर को ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैकक्ले से बातचीत करेंगे। इस दौरान दोनों नेता एफटीए पर चल रही वार्ताओं पर चर्चा करेंगे।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, “यह यात्रा दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत एफटीए प्रक्रिया में तेजी लाकर एक व्यापक और परस्पर लाभकारी आर्थिक साझेदारी स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।”
भारत और न्यूजीलैंड के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते की चौथे दौर की वार्ता तीन नवंबर को ऑकलैंड में शुरू हुई थी। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग को मजबूत करना है।
गोयल अपनी यात्रा के दौरान निवेश, व्यापार और नवाचार से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह न्यूजीलैंड के प्रमुख कारोबारी प्रतिनिधियों और भारत से पहुंचे व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.