भोपाल, चार अक्टूबर (भाषा) फेडरेशन ऑफ एम पी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आगामी ‘‘ फेड एक्सपो 2025 ’’ का आयोजन 21 से 23 नवंबर तक भोपाल में किया जा रहा है।
फेडरेशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा और सचिव प्रवीण आचार्य ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि इस फेड एक्सपो के तहत लगभग 200 से अधिक एमएसएमई अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। इसके साथ ही इस एक्सपो में रूस, ओमान और ताइवान आदि कई देशों के उद्योग प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। जिनके आने से प्रदेश की औद्योगिक इकाइयों को अंतरराष्ट्रीय उद्यमियों से व्यापारिक संबंध स्थापित करने का अवसर प्राप्त होगा। इससे भारत के विभिन्न देशों के बीच औद्योगिक संबंध मजबूत होंगे तथा परस्पर कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य उद्योगों, सरकारी उपक्रमों एवं एमएसएमई इकाइयों के बीच आपसी संवाद, व्यावसायिक सहयोग और नये व्यापारिक अवसरों का सृजन करना है। कार्यक्रम में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) , भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड ( बीईएमएल) , रेलवे, रक्षा प्रतिष्ठान, एचईजी, बीना रिफाइनरी एवं अन्य बड़ी इकाइयां, राज्य शासन के विभाग तथा विभिन्न क्षेत्रीय औद्योगिक इकाइयों की सक्रिय भागीदारी हो रही है।
शर्मा ने कहा कि इस अवसर पर एमएसएमई क्षेत्र के उद्यमियों को अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों से कारोबार करने के अवसर हासिल होगें। इस एक्सप्रो में प्रदेश की शैक्षणिक संस्थाएं एवं स्टार्टअप भी शामिल हो रहे हैं। यह उनके लिए एक अवसर होगा जिसके माध्यम से वह प्रदेश में अपने कार्य का प्रचार प्रसार कर सकेंगे।
भाषा दिमो अमित अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.