scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतलेंसकार्ट के 7,278 करोड़ रुपये के आईपीओ को अंतिम दिन 28.26 गुना अभिदान मिला

लेंसकार्ट के 7,278 करोड़ रुपये के आईपीओ को अंतिम दिन 28.26 गुना अभिदान मिला

Text Size:

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) आईवियर रिटेलर लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को शेयर बिक्री के अंतिम दिन 28.26 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।

एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 7,278 करोड़ रुपये के आईपीओ को 9,97,61,257 शेयरों के मुकाबले 281,88,45,629 शेयरों के लिए बोलियाँ मिलीं।

निवेशक श्रेणियों में, पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के कोटा को 40.35 गुना अभिदान मिला। गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 18.23 गुना अभिदान मिला, जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के हिस्से को 7.54 गुना अभिदान मिला।

आईवियर कंपनी ने आईपीओ के लिए 382-402 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है, जिसका लक्ष्य ऊपरी स्तर पर 69,700 करोड़ रुपये से अधिक का मूल्यांकन है।

लेंसकार्ट के सार्वजनिक निर्गम में 2,150 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएँगे और प्रवर्तकों व निवेशकों द्वारा 12.75 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) की जाएगी।

बीएसई के एक परिपत्र के अनुसार, कंपनी ने एंकर निवेशकों को 8.13 करोड़ इक्विटी शेयरों के आवंटन को अंतिम रूप दे दिया है। ये शेयर 402 रुपये प्रति शेयर की दर से आवंटित किए गए, जिससे कुल 3,268 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।

लेंसकार्ट आईपीओ से प्राप्त राशि का उपयोग रणनीतिक पहल के लिए करने का प्रस्ताव रखती है, जिसमें भारत में नए कंपनी-संचालित, कंपनी-स्वामित्व वाले (कोको) स्टोर स्थापित करने के लिए पूंजीगत व्यय और इन कोको स्टोरों के लिए लीज़, किराया और लाइसेंस समझौतों के तहत भुगतान शामिल हैं।वर्ष 2008 में स्थापित, लेंसकार्ट ने 2010 में एक ऑनलाइन आईवियर मंच के रूप में शुरुआत की।

कंपनी की उपस्थिति महानगरों, पहली और दूसरी श्रेणी के शहरों में है। साथ ही दक्षिण पूर्व एशिया और पश्चिम एशिया में अंतरराष्ट्रीय परिचालन भी है।

लेंसकार्ट का शेयर 10 नवंबर को सूचीबद्ध होगा।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments