(पांचवें पैरे में संशोधन के साथ)
नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का सितंबर में समाप्त चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 15.6 प्रतिशत बढ़कर 3,926.09 करोड़ रुपये हो गया।
एलएंडटी ने बीएसई को एक नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी। कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 3,395.29 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध मुनाफा कमाया था।
जुलाई-सितंबर की अवधि में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय 10 प्रतिशत बढ़कर 67,983.53 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 61,554.58 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने कहा कि उसने 30 सितंबर, 2025 को समाप्त छमाही में 39 प्रतिशत की साल-दर-साल वृद्धि दर्ज करते हुए 2,10,237 करोड़ रुपये के ऑर्डर हासिल किए हैं। छमाही के दौरान 1,24,236 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर, कुल ऑर्डर का 59 प्रतिशत थे।
परिणाम बाद के कॉन्फ्रेंस कॉल में पत्रकारों से बात करते हुए, कंपनी के अध्यक्ष, पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) आर शंकर रमन ने कहा कि एलएंडटी मौजूदा तिमाही और अगली तिमाही के बीच हैदराबाद मेट्रो हिस्सेदारी विनिवेश पूरा कर लेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक इस लेन-देन का सवाल है…हमने एक्सचेंज और बाज़ारों को सूचित कर दिया है कि हम विनिवेश के तौर-तरीकों पर सरकार के साथ विस्तृत चर्चा कर रहे हैं।’’
लार्सन एंड टुब्रो 30 अरब डॉलर की भारतीय बहुराष्ट्रीय कंपनी है जो इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण परियोजनाओं, हाई-टेक विनिर्माण और सेवाओं में लगी हुई है, और कई भौगोलिक क्षेत्रों में काम कर रही है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
