नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (भाषा) विमानन नियामक डीजीसीए वैश्विक व्यवहार का अध्ययन करने के बाद उड़ानों में पावर बैंक के इस्तेमाल पर कुछ हद तक प्रतिबंध लगा सकता है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इंडिगो की एक उड़ान में 19 अक्टूबर को एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) उड़ानों में पावर बैंक के इस्तेमाल की जांच कर रहा है।
अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कुछ प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं, लेकिन पावर बैंक के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं है।
अधिकारी ने कहा कि वैश्विक व्यवहार पर विचार किया जा रहा है और उसके बाद कोई निर्णय लिया जाएगा।
दिल्ली हवाई अड्डे पर दीमापुर जाने वाले इंडिगो विमान में एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई थी। चालक दल ने आग बुझा दी थी।
नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने 25 अक्टूबर को कहा था कि डीजीसीए इस घटना की समीक्षा करेगा।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
