नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (भाषा) रियल्टी फर्म सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि उसने विश्व बैंक की इकाई अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम (आईएफसी) से 875 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह राशि गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) जारी कर निजी आवंटन के जरिये जुटाई गई है।
कंपनी ने कहा कि इस राशि का इस्तेमाल मध्यम आय वर्ग के आवास और पर्यावरणीय, सामाजिक एवं प्रशासनिक (ईएसजी) लक्ष्यों के अनुरूप परियोजनाओं के विकास और महंगे कर्ज की अदायगी के लिए किया जाएगा।
सिग्नेचर ग्लोबल के चेयरमैन प्रदीप कुमार अग्रवाल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि जुटाई गई राशि में से 470 करोड़ रुपये मौजूदा कर्ज चुकाने में लगाए जाएंगे।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी रजत कथूरिया ने बताया कि आईएफसी ने पहले भी 210 करोड़ रुपये का इक्विटी निवेश किया था और उसके पास वर्तमान में सिग्नेचर ग्लोबल में लगभग एक प्रतिशत हिस्सेदारी है।
कंपनी ने हाल ही में 87,500 एनसीडी आवंटित किए हैं जिनका अंकित मूल्य एक लाख रुपये प्रति डिबेंचर और कूपन दर 11 प्रतिशत है। ये डिबेंचर 15 जनवरी, 2029 को परिपक्व होंगे।
कथूरिया ने कहा कि सिग्नेचर ग्लोबल को चालू वित्त वर्ष में 12,500 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य हासिल करने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगले पांच महीनों में कंपनी करीब 14,000 करोड़ रुपये की राजस्व क्षमता वाली परियोजनाएं लेकर आने वाली है।’’
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही में कंपनी की बिक्री बुकिंग 21 प्रतिशत गिरकर 4,650 करोड़ रुपये रह गई है। एक साल पहले की समान अवधि में यह 5,900 करोड़ रुपये थी।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.