नयी दिल्ली, 26 अक्तूबर (भाषा) प्रमुख ग्राफिक डिजाइन मंच कैनवा इंडिया की प्रमुख चंद्रिका देब ने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर कैनवा का चौथा-बड़ा और सबसे तेजी से बढ़ने वाला बाज़ार है।
देब ने कहा कि कैनवा को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में भारत उसका शीर्ष बाजार बन जाएगा।
यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब भारत वैश्विक कृत्रिम मेधा (एआई) और प्रौद्योगिकी कंपनियों के लिए एक शक्ति-केंद्र के रूप में उभरा है, जिसकी बुनियाद डिजिटल-प्रथम, युवा आबादी, आकर्षक बाज़ार आकार, तथा तेजी से बढ़ती इंटरनेट व डेटा अधोसंरचना पर टिकी है।
कैनवा इंडिया की कंट्री प्रबंधक देब ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘कैनवा आज दुनिया का सबसे बड़ा डिजाइन मंच है और भारत हमारी उन मुख्य बाजारों में से एक है, जो कंपनी की वृद्धि को गति दे रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि भारतीयों ने अब तक कैनवा पर 2.8 अरब से अधिक डिजाइन बनाए हैं, जिनमें से प्रतिदिन लगभग 25 लाख नए डिजाइन तैयार होते हैं।
देब ने बताया, ‘‘भारत कैनवा के लिए चौथे सबसे बड़ा बाजार हैं (उपयोगकर्ता आधार के हिसाब से)। हम लगातार सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक रहे हैं। पिछले दो-तीन वर्षों में हमारी वृद्धि दोहरे अंक की दर से हुई है।’’
भाषा
योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
