scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमविदेशपाकिस्तानी नौसेना ने अरब सागर में लगभग एक अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किये

पाकिस्तानी नौसेना ने अरब सागर में लगभग एक अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किये

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 22 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान की नौसेना ने अरब सागर में दो नावों से लगभग एक अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किये हैं। 47 राष्ट्रों की नौसैनिक साझेदारी वाले, संयुक्त समुद्री बल (सीएमएफ) की तरफ से यह जानकारी दी गयी।

सीएमएफ में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले ‘संयुक्त कार्य बल 150’ के प्रत्यक्ष समर्थन में काम कर रहे पाकिस्तानी नौसेना के पोत यारमुक ने 16 अक्टूबर को शुरू हुए अल मसमक अभियान के दौरान अरब सागर में 972,400,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए।

सीएमएफ 47 देशों की नौसैनिक साझेदारी वाला बल है जो विश्व के महत्वपूर्ण नौवहन मार्गों को शामिल करते हुए 32 लाख वर्ग मील जलीय क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देता है।

सीएमएफ ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि पीएनएस यारमुक ने दो नौकाओं को रोका, जो स्वचालित पहचान प्रणाली (एआईएस) का प्रसारण नहीं कर रही थीं, बाद में उनकी पहचान हुई कि उनकी कोई राष्ट्रीयता नहीं है।

पहली नाव से 18 अक्टूबर को 82.2 करोड़ डॉलर से ज्यादा कीमत का दो टन क्रिस्टल मेथामफेटामाइन (आईसीई) जब्त किया गया। इसके 48 घंटे से भी कम समय बाद, दूसरी नाव से 14 करोड़ डॉलर कीमत का 350 किलो आईसीई और 1 करोड़ डॉलर कीमत का 50 किलो कोकीन जब्त किया गया।

सीटीएफ 150 के कमांडर, रॉयल सऊदी नौसेना बल के कमोडोर फहद अलजायद ने कहा, ‘इस केंद्रित अभियान की सफलता बहुराष्ट्रीय सहयोग के महत्व को उजागर करती है।’

अल मसमक अभियान 16 अक्टूबर को शुरू हुआ, जिसका उद्देश्य गैर-राज्यीय तत्वों द्वारा हिंद महासागर, अरब सागर और ओमान की खाड़ी में मादक पदार्थों और अन्य अवैध पदार्थों को ले जाने की क्षमता को बाधित करना था।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments