मुंबई, 17 अक्टूबर (भाषा) वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के सचिव एम नागराजू ने शुक्रवार को सरकारी बैंकों के प्रमुखों से कहा कि वे अपनी सहायक कंपनियों को शेयर बाजारों में सूचीबद्ध करने के लिए कड़ी मेहनत और तेजी से काम करें।
केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के सूचीबद्धता समारोह में नागराजू ने कहा कि उनके नेतृत्व वाले विभाग के अंतर्गत 100 से ज्यादा संस्थाएं और अनुषंगी कंपनियां आती हैं। उन्होंने आईपीओ के फायदे भी गिनाए।
उन्होंने कहा कि सूचीबद्धता शेयरधारकों के लिए मूल्य बढ़ाने में मदद करती है और कंपनियों के कंपनी संचालन मानकों को भी बढ़ाती है।
कार्यक्रम में मौजूद बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ इंडिया सहित कई बड़े संस्थानों के प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यपालक अधिकारियों की ओर विशेष रूप से इशारा करते हुए, नागराजू ने सरकार की अपेक्षाओं को स्पष्ट किया।
उन्होंने कहा, ”यहां सभी मौजूद हैं। मुझे उम्मीद है कि उन्हें संदेश मिल रहा होगा। आपको अपनी कुछ अनुषंगी कंपनियों को सूचीबद्ध करने के लिए और भी ज्यादा मेहनत और तेजी से काम करना चाहिए, ताकि देश के लोग मूल्य सृजन में भागीदार बन सकें।”
सचिव ने कहा कि डीएफएस कंपनियों को उनके अच्छी तरह बढ़ जाने के बाद सूचीबद्ध करना चाहेगा।
उन्होंने कहा, ”किसी कंपनी को सूचीबद्ध करने का मुख्य उद्देश्य मूल्य संवर्धन और कंपनी संचालन में सुधार करना है।”
नागराजू ने बीमा कंपनियों से यह सुनिश्चित करने को भी कहा कि वे दावों का निपटान बिना किसी रणनीति का सहारा लिए, ईमानदारी से करें।
नागराजू ने कहा कि बाजार बेहतर दावा निपटान अनुपात वाली संस्थाओं को पुरस्कृत करता है।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.