scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतलगातार तीसरे दिन शेयर बाजारों में तेजी बरकरार, सेंसेक्स 484 अंक उछला

लगातार तीसरे दिन शेयर बाजारों में तेजी बरकरार, सेंसेक्स 484 अंक उछला

Text Size:

मुंबई, 17 अक्टूबर (भाषा) प्रमुख बैंकों एवं पेट्रोलियम शेयरों में खरीदारी और विदेशी कोषों की लिवाली के दम पर घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 484 अंक उछल गया जबकि निफ्टी 25,700 के ऊपर बंद हुआ।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 484.53 अंक यानी 0.58 प्रतिशत उछलकर 83,952.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 704.58 अंक बढ़कर 84,172.24 अंक पर पहुंच गया था।

एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 124.55 अंक यानी 0.49 प्रतिशत चढ़कर 25,709.85 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एशियन पेंट्स में सबसे अधिक 4.18 प्रतिशत की तेजी आई। महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी लाभ में रहीं।

हालांकि, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, इटर्नल, टेक महिंद्रा और टाटा स्टील के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

ऑनलाइन कारोबार एवं संपत्ति प्रौद्योगिकी मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा, ‘भारतीय बाजारों ने कारोबारी सप्ताह का समापन मजबूती के साथ किया। निफ्टी और बैंक निफ्टी दोनों ने ही अहम मनोवैज्ञानिक स्तर को पार किया। इसके पीछे संस्थागत भागीदारी और व्यापक खरीदारी की भूमिका रही।’

हालांकि व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.49 प्रतिशत गिर गया जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप सूचकांक में 0.43 प्रतिशत की गिरावट रही।

क्षेत्रवार सूचकांकों में से टिकाऊ उपभोक्ता खंड में 1.48 प्रतिशत की तेजी रही जबकि एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियां) खंड में 1.19 प्रतिशत, वाहन खंड में 0.59 प्रतिशत और स्वास्थ्य सेवा खंड में 0.50 प्रतिशत की बढ़त रही।

साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स में इस हफ्ते कुल 1,451.37 अंक यानी 1.75 प्रतिशत की बढ़त देखी गई जबकि एनएसई निफ्टी ने 424.5 अंक यानी 1.67 प्रतिशत की तेजी दर्ज की।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘बाजार ने ऊपर की तरफ बढ़ने का सिलसिला जारी रखा है और पिछले 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर हासिल किया है। इसके पीछे खपत-केंद्रित शेयरों की अहम भूमिका रही। बैंकों की आय और संपत्ति गुणवत्ता में तनाव कम होने के संकेतों ने भी उद्योग में समग्र सकारात्मक धारणा को मजबूत किया।’

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 997.29 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी पिछले कारोबार में 4,076.20 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सकारात्मक दायरे में बंद हुआ, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए।

यूरोप के बाजार दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.92 प्रतिशत गिरकर 60.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 862.23 अंक उछलकर 83,467.66 अंक और निफ्टी 261.75 अंक बढ़कर 25,585.30 अंक पर रहा था।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments