नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) आईटी कंपनी एलटीआई माइंडट्री का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 30 सितंबर, 2025 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 10.3 प्रतिशत बढ़कर 1,381 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने एक साल पहले इसी अवधि में 1,251 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
एलटीआई माइंडट्री ने पहली बार किसी तिमाही में 10,000 करोड़ रुपये का राजस्व स्तर पार किया है। सितंबर, 2024 तिमाही में यह 9,432.9 करोड़ रुपये था, जबकि इस तिमाही में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ यह 10,394.3 करोड़ रुपये हो गया।
एलटीआई माइंडट्री के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक, वेणु लाम्बू ने एक बयान में कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही हमारे लिए एक मज़बूत तिमाही रही, जिसमें हमारे पूरे कारोबार में व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला। हमने योजना से पहले मार्जिन में सुधार के साथ लगातार दूसरी तिमाही में वृद्धि दर्ज की।’’
कंपनी के शीर्ष राजस्व योगदानकर्ता बीएफएसआई (बैंकिंग, वित्तीय सेवाएँ और बीमा) में सालाना आधार पर 6.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो समीक्षाधीन तिमाही के दौरान इसके कुल राजस्व का 36.2 प्रतिशत रहा। एलटीआई माइंडट्री का विनिर्माण और उपभोक्ता व्यवसाय सालाना आधार पर 12.7 प्रतिशत और 12.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ सबसे ज़्यादा बढ़ने वाले क्षेत्र रहे।
कंपनी के कुल राजस्व में प्रौद्योगिकी, मीडिया और संचार क्षेत्र की हिस्सेदारी घटकर 22.7 प्रतिशत रह गई, जबकि कारोबार में 6.3 प्रतिशत की गिरावट आई।
भौगोलिक क्षेत्रों की बात करें तो, उत्तरी अमेरिका ने कुल राजस्व में 74.2 प्रतिशत का योगदान दिया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.6 प्रतिशत की वृद्धि है। यूरोप से कंपनी का कारोबार आलोच्य तिमाही में 7.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 14.7 प्रतिशत रहा।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.