पेशावर, 10 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान ने शुक्रवार को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर हुए हमलों में अपने सुरक्षा बलों की संलिप्तता की पुष्टि या खंडन करने से इनकार कर दिया और कहा कि अपने लोगों के जीवन और संपत्ति की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान ने अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया और पक्तिका प्रांत में एक नागरिक बाजार पर बमबारी की, तथा काबुल के हवाई क्षेत्र का भी उल्लंघन किया।
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी से यहां एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान दो बार पूछा गया कि क्या पाकिस्तानी सेना ने काबुल में हवाई हमले किए हैं, जहां बृहस्पतिवार रात 10 बजे से पहले कई मंत्रालयों के नजदीक एक चौक पर धमाका हुआ था।
पहली बार इस सवाल के जवाब में लेफ्टिनेंट जनरल चौधरी ने बिना इसकी पुष्टि या खंडन किए कहा, ‘आपने हमले के बारे में जो कहा, वह मीडिया और सोशल मीडिया तथा अफगान (तालिबान सरकार) प्रवक्ता के बयान में दर्ज है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अफगानिस्तान हमारा पड़ोसी देश है। पाकिस्तान ने चार दशकों से भी ज़्यादा समय से लाखों अफगान शरणार्थियों की मेजबानी की है।’’
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम अफगान सरकार से मांग करते हैं कि आप अपनी ज़मीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ आतंकवाद के लिए नहीं होने दें। अफगान पारगमन व्यापार भी जारी है, उनके साथ हमारा व्यापार जारी है। लोग यहां इलाज के लिए आते हैं।’
उन्होंने कहा कि अफगान अधिकारियों को बताया गया है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के नेता वहां मौजूद हैं और उनके ठिकाने भी हैं।
उन्होंने कहा, ‘लेकिन हमने पाकिस्तान के लोगों की जान-माल की रक्षा और उसकी क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए जो भी जरूरी कदम होंगे, उठाए हैं और उठाएंगे।’
उनसे दूसरी बार पूछा गया कि क्या पाकिस्तानी सेना ने बृहस्पतिवार रात काबुल में चार जगहों पर हवाई हमले किए थे और उनमें टीटीपी नेता नूर वली महसूद को निशाना बनाया गया था।
प्रवक्ता ने जवाब दिया, ‘‘मैंने आपको स्पष्ट कर दिया है कि अफग़ानिस्तान में सुरक्षित पनाहगाहों का इस्तेमाल पाकिस्तान के ख़िलाफ़ आतंकवाद के लिए किया जा रहा है। इसके सबूत मौजूद हैं। पाकिस्तान के लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे और उठाये जाते रहेंगे।’’
भाषा अमित रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
