न्यूयॉर्क, 10 अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्यापार और टैरिफ के माध्यम से भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रोकने का अपना दावा दोहराया है।
ट्रंप पिछले कुछ महीने से कई युद्धों को रुकवाने का श्रेय लेते हुए नोबेल शांति पुरस्कार की दावेदारी भी कर रहे थे, हालांकि उन्हें इस पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया और आज नॉर्वे नोबेल समिति की घोषणा में वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो को शांति का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा की गई।
नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा से पहले शुक्रवार को फिनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर स्टब के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान जब एक संवाददाता ने ट्रंप से इस पुरस्कार को जीतने की उनकी संभावनाओं के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह जरूर कहा कि उन्होंने आठ संघर्ष विराम समझौते कराए हैं और युद्धों का हल निकाला है। उन्होंने कहा कि वह संभवत: रूस-यूक्रेन युद्ध का समाधान भी निकालेंगे।
ट्रंप ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हम यह भी करेंगे। और मुझे लगता है कि वे जल्दी बातचीत शुरू करेंगे।’’
उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को ‘बहुत बड़ा’ बताते हुए दावा दोहराया कि उन्होंने व्यापार और टैरिफ के आधार पर इसे सुलझाया।
ट्रंप ने कहा, ‘‘लेकिन मैंने कहा कि अगर आप लोग युद्ध करने वाले हैं, तो मैं आपमें से प्रत्येक पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा रहा हूं, और उन्होंने तुरंत लड़ाई बंद कर दी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘और यह संघर्ष परमाणु हथियार तक पहुंचने वाला था, आप जानते हैं, यह आगे-पीछे होता रहा।’’
भारत लगातार कहता रहा है कि पाकिस्तान के साथ शत्रुता समाप्त करने पर सहमति दोनों सेनाओं के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच सीधी बातचीत के बाद बनी थी।
भाषा वैभव माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
