नयी दिल्ली, सात अक्टूबर (भाषा) लॉजिस्टिक सेवा प्रदाता ग्लोटिस लि. का शेयर मंगलवार को कारोबार के पहले दिन 129 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 35 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ।
बीएसई में शेयर की शुरुआत 88 रुपये पर हुई, जो निर्गम मूल्य से 31.78 प्रतिशत की गिरावट है। कारोबार के दौरान, यह 37.13 प्रतिशत टूटकर 81.10 रुपये पर आ गया। अंत में शेयर 35 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 83.85 रुपये प्रति इक्विटी पर बंद हुआ।
एनएसई में, शेयर की शुरुआत 84 रुपये पर हुई, जो 34.88 प्रतिशत की गिरावट है। कंपनी का शेयर अंत में 35.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.70 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 774.80 करोड़ रुपये रहा।
ग्लोटिस लि. के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह बुधवार को बोली के अंतिम दिन 2.05 गुना अभिदान मिला था।
कुल 307 करोड़ रुपये की इस शेयर बिक्री का मूल्य दायरा 120-129 रुपये प्रति शेयर था।
चेन्नई स्थित इस कंपनी का आईपीओ 160 करोड़ रुपये मूल्य के नए इक्विटी शेयरों के निर्गम और प्रवर्तकों द्वारा 147 करोड़ रुपये मूल्य के 1.14 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन था।
नए निर्गम से प्राप्त राशि का उपयोग वाणिज्यिक वाहनों की खरीद, ऋण भुगतान और सामान्य कंपनी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
