नयी दिल्ली, सात अक्टूबर (भाषा) विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने कहा है कि इस साल वैश्विक वस्तु व्यापार में 2.4 प्रतिशत और अगले वर्ष केवल 0.5 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है।
डब्ल्यूटीओ ने 2025 के लिए 0.9 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया था। हालांकि, इसने कहा कि 2026 में व्यापार वृद्धि धीमी होने की संभावना है क्योंकि वैश्विक अर्थव्यवस्था में नरमी और नए शुल्क लागू होने का प्रभाव पड़ेगा।
इसके मुताबिक 2026 के अनुमान को पहले के 1.8 प्रतिशत से घटाकर 0.5 प्रतिशत कर दिया गया है।
डब्ल्यूटीओ ने कहा कि वैश्विक सेवा निर्यात वृद्धि 2024 के 6.8 प्रतिशत से घटकर 2025 में 4.6 प्रतिशत और 2026 में 4.4 प्रतिशत रह सकती है।
डब्ल्यूटीओ के अर्थशास्त्रियों ने 2025 के लिए वस्तु व्यापार में वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 2.4 प्रतिशत कर दिया है। अगस्त में यह 0.9 प्रतिशत था।
इस साल की उच्च वृद्धि दर एआई से संबंधित उत्पादों पर बढ़ते खर्च और शुल्क वृद्धि से पहले उत्तरी अमेरिका में हुई आयात वृद्धि के कारण है।
डब्ल्यूटीओ की महानिदेशक न्गोजी ओकोंजो-इवेला ने कहा कि वैश्विक व्यापार प्रणाली में मौजूदा व्यवधान राष्ट्रों के लिए व्यापार को फिर से आकार देने के लिए कार्रवाई का आह्वान हैं।
उन्होंने कहा कि साल की पहली छमाही में कुल व्यापार वृद्धि में लगभग आधा हिस्सा सेमीकंडक्टर, सर्वर और दूरसंचार उपकरणों सहित एआई संबंधित वस्तुओं का रहा।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
