scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशअर्थजगतनवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का आठ अक्टूबर को होगा उद्घाटन

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का आठ अक्टूबर को होगा उद्घाटन

Text Size:

मुंबई, एक अक्टूबर (भाषा) अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बुधवार को कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन आठ अक्टूबर को किया जाएगा।

विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को मंगलवार को लाइसेंस प्रदान किया था।

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) में अदाणी समूह की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है और शेष 26 प्रतिशत महाराष्ट्र सरकार के भूमि विकास प्राधिकरण सिडको के पास है।

अदाणी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बुधवार को लिखा, ‘‘ आठ अक्टूबर को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन से पहले मैंने हमारे दिव्यांग सहयोगियों, निर्माण श्रमिकों, महिला कर्मचारियों, इंजीनियरों, कारीगरों, अग्निशमन कर्मियों और उन सुरक्षा कर्मियों (गार्ड) से मुलाकात की जिन्होंने इसको साकार करने में मदद की।’’

उन्होंने हवाई अड्डे के अपने दौरे और वहां लोगों से बातचीत का वीडियो भी साझा किया।

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मुंबई महानगर क्षेत्र का दूसरा हवाई अड्डा होगा और इसका हवाई अड्डा कोड ‘एनएमआई’ है। इस परियोजना का विकास पांच चरणों में किया जा रहा है।

इसके प्रारंभिक चरण में प्रति वर्ष दो करोड़ यात्रियों (एमपीपीए) और पांच लाख टन (एमएमटी) कार्गो संभालने की उम्मीद है। निर्माण पूरा होने पर एनएमआईए में प्रति वर्ष नौ करोड़ यात्रियों को सेवा प्रदान किए जाने और यहां सालाना 32 लाख टन माल ढुलाई होने की संभावना है।

नागर विमानन मंत्रालय की नवीनतम जानकारी के अनुसार, वर्तमान में देश में 162 हवाई अड्डे चालू हैं।

भाषा निहारिका रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments