scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशअर्थजगतरेलवे तय समय में माल पहुंचाने वाली ट्रेन चलाएगा, एक अक्टूबर से प्रायोगिक परीक्षण

रेलवे तय समय में माल पहुंचाने वाली ट्रेन चलाएगा, एक अक्टूबर से प्रायोगिक परीक्षण

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) रेलवे तय समय में माल पहुंचाने की गारंटी के साथ कंटेनर ट्रेन का परिचालन शुरू करने जा रहा है। दिल्ली-कोलकाता के बीच पहली पायलट कंटेनर ट्रेन एक अक्टूबर को रवाना होगी।

रेल अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह ट्रेन दिल्ली के तुगलकाबाद से चलेगी और आगरा एवं कानपुर के रास्ते कोलकाता पहुंचेगी। रेलवे ने इस ट्रेन के 120 घंटे में गंतव्य तक पहुंचने की गारंटी दी है।

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘यह सेवा कंटेनर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (कॉनकॉर) द्वारा चलाई जाएगी। अपने सफर में यह ट्रेन चार इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी) को जोड़ेगी। इनमें तुगलकाबाद, आगरा, कानपुर और कोलकाता के डिपो शामिल हैं।’

रेलवे बोर्ड ने एक बयान में कहा कि यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन बुधवार और शनिवार को चलेगी।

रेलवे बोर्ड के अनुसार, इस ट्रेन के चलने से आगरा और कानपुर में बनाए गए लॉजिस्टिक केंद्र से आसपास के क्षेत्रों का माल इकट्ठा कर ट्रेन में भेजना आसान और तेज हो जाएगा।

इसके अलावा तुगलकाबाद से कानपुर के बीच खाली वैगनों के लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा, जिससे माल भेजने की लागत कम होगी और ग्राहकों को फायदा होगा।

रेल मंत्रालय ने कहा कि यह पायलट परियोजना समय के लिहाज से संवेदनशील माल की भरोसेमंद आपूर्ति सुनिश्चित करेगी, सड़क परिवहन के लिए प्रतिस्पर्धी विकल्प, उत्तरी इलाकों के कार्गो के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और शुरुआती ग्राहकों के लिए प्राथमिकता जैसी सुविधाएं प्रदान करेगी।

मंत्रालय के मुताबिक, यह पहल टिकाऊ विकास और हरित लॉजिस्टिक क्षमता को बढ़ावा देती है, क्योंकि यह माल वहन को सड़क से रेल पर ले जाने को प्रोत्साहित करती है, कार्बन उत्सर्जन कम करती है और भारत की पर्यावरण प्रतिबद्धता का समर्थन करती है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments