बीजिंग, 24 सितंबर (भाषा) ताइवान में तूफान रागासा और भारी बारिश के कारण एक झील के उफनाने के बाद 17 लोगों की मौत हो गई और 32 घायल हो गए, जबकि चीन के वैश्विक विनिर्माण केंद्र गुआंगदोंग प्रांत में 20 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
आधिकारिक मीडिया के अनुसार, इस वर्ष चीनी तट पर आने वाले सबसे शक्तिशाली तूफान के रूप में वर्णित, रागासा इस मौसम का 18वां तूफान है।
स्थानीय प्राधिकारियों ने बताया कि पूर्वी ताइवान के हुआलिएन काउंटी में तूफान रागासा के कारण झील के उफनाने से भारी मात्रा में पानी आया जिससे 17 लोगों की मौत हो गई तथा 32 लोग घायल हो गए।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, अब भी 17 लोग लापता हैं।
रगासा तूफान से बुधवार को प्रभावित हुए चीन के गुआंगदोंग प्रांत से करीब 21.6 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
प्रांतीय मौसम विज्ञान वेधशाला के अनुसार, तूफान रगासा बुधवार सुबह गुआंगदोंग के यांगजियांग शहर के हेलिंग द्वीप के तट पर पहुंचा।
यांगजियांग शहर भर में 1,038 आश्रय स्थलों को जनता के लिए पूरी तरह से खोल दिया गया है।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
