scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशअर्थजगतकतर में भी यूपीआई के जरिये भुगतान सेवा की शुरुआत

कतर में भी यूपीआई के जरिये भुगतान सेवा की शुरुआत

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) अब भारतीय यात्री कतर में भी यूपीआई के जरिये भुगतान कर सकेंगे। एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने कतर नेशनल बैंक (क्यूएनबी) के साथ मिलकर इस सुविधा की शुरुआत की है।

इस पहल के तहत क्यूएनबी से जुड़े दुकानदार और नेटस्टार्स के भुगतान समाधान का इस्तेमाल करने वाली पॉइंट-ऑफ-सेल मशीनों पर यूपीआई क्यूआर कोड से भुगतान किया जा सकेगा।

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने बुधवार को बयान में कहा कि ‘कतर ड्यूटी फ्री’ की दुकानें इस सुविधा का इस्तेमाल करने वाले शुरुआती प्रतिष्ठान हैं। धीरे-धीरे यह सुविधा अन्य प्रमुख पर्यटक स्थलों और बाजारों में भी उपलब्ध होगी।

कतर आने वाले अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों में भारतीय यात्री दूसरे स्थान पर हैं। नई सुविधा से उन्हें नकदी रखने और मुद्रा बदलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा।

एनआईपीएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितेश शुक्ला ने कहा, ‘‘यह साझेदारी यूपीआई की वैश्विक स्वीकृति बढ़ाने और एक अंतरराष्ट्रीय भुगतान नेटवर्क बनाने की दिशा में अहम कदम है।’’

एनआईपीएल देश में डिजिटल भुगतान प्रणाली का संचालन करने वाली कंपनी एनपीसीआई की एक अनुषंगी है।

क्यूएनबी के समूह मुख्य व्यवसाय अधिकारी यूसुफ महमूद अल-नीमा ने कहा कि इस पहल से भारतीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी और कतर के खुदरा एवं पर्यटन क्षेत्र को भी फायदा होगा।

उन्होंने कहा कि इस सुविधा की शुरुआत से स्थानीय व्यापारियों को ज्यादा ग्राहक मिलेंगे और डिजिटल लेनदेन बढ़ेगा।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments