scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशअर्थजगतकेंद्र ने उत्तर प्रदेश, गुजरात में प्रमुख खरीफ दलहनों और तिलहनों की खरीद को मंजूरी दी

केंद्र ने उत्तर प्रदेश, गुजरात में प्रमुख खरीफ दलहनों और तिलहनों की खरीद को मंजूरी दी

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को इस वर्ष उत्तर प्रदेश और गुजरात से प्रमुख खरीफ दलहनों और तिलहनों की खरीद को मंजूरी दे दी।

इस संबंध में निर्णय क्रमशः उत्तर प्रदेश और गुजरात के कृषि मंत्रियों सूर्य प्रताप शाही और राघवजी पटेल के साथ एक वर्चुअल बैठक में लिया गया।

एक सरकारी बयान में कहा गया है कि बैठक में, केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश में लगभग 2.27 लाख टन उड़द (काला चना), 1.13 लाख टन अरहर, 1,983 टन मूंग, 30,410 टन तिल और 99,438 टन मूंगफली की खरीद पर सहमति व्यक्त की।

गुजरात में, केंद्र ने 47,780 टन उड़द, 4,415 टन मूंग, 1.09 लाख टन सोयाबीन और 12.62 लाख टन मूंगफली खरीदने पर सहमति जताई।

बयान के अनुसार, ‘‘चौहान ने कहा कि खरीफ 2025-26 के लिए पहले अग्रिम अनुमान जारी होने के बाद, किसानों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए, आवश्यकतानुसार स्वीकृत मात्रा में संशोधन किया जा सकता है।’’

उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक पात्र किसान को डिजिटल और पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से सरकारी दर पर फसल बेचने और समय पर भुगतान प्राप्त करने का अधिकार मिलेगा।

मंत्री ने खरीद में पारदर्शिता और अनियमितताओं की रोकथाम पर भी ज़ोर दिया।

खरीद एजेंसियों नेफेड और एनसीसीएफ को किसानों का पूर्व-पंजीकरण शुरू करने का निर्देश दिया गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केवल पंजीकृत किसान ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर अपनी उपज बेचें।

ई-समृद्धि और ई-संयुक्ति पोर्टल पर खरीद प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल होगी, जिससे बैंक खातों में सीधे भुगतान संभव होगा।

बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी और कृषि मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

भाषा राजेश

राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments