कोलकाता, 22 सितंबर (भाषा) अदाणी समूह ने भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) कोलकाता के छात्रों के लिए एक छात्रवृ्त्ति कार्यक्रम की सोमवार को घोषणा की।
‘अदाणी एक्सेलेरेटेड लीडरशिप प्रोग्राम’ (एएएलपी) पहल के तहत हर साल आईआईएम कोलकाता के छह एमबीए छात्रों को शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर दो किस्तों में कुल 1.62 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे।
आईआईएम कोलकाता के निदेशक प्रो. आलोक कुमार राय की उपस्थिति में इस आशय के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर संस्थान के डीन (विकास एवं बाह्य संबंध) प्रो. सुमन्त बसु ने कहा, ‘‘यह नेतृत्व विकास, गतिविधि के क्षेत्रों में विविधता लाने और शोध में सहयोग पर हमारे साझा ध्यान से मेल खाता है।’’
अदाणी समूह की वरिष्ठ उपाध्यक्ष (एएएलपी) शुभाश्री आर वेंकटराज ने कहा कि यह कार्यक्रम आंतरिक प्रतिभा पोषण के लिए है।
इस कार्यक्रम में छात्रों ने अदाणी समूह के अधिकारियों के साथ संवाद भी किया। अदाणी एयरपोर्ट्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण बंसल ने उन्हें जिज्ञासु और विनम्र बने रहने की सलाह दी।
प्रवर्तक एवं कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी ने कहा कि समूह की भूमिका प्रतिभा निर्माण को सुगम बनाना है जिसका परिणाम संगठन निर्माण के रूप में निकलता है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
