जम्मू, 22 सितंबर (भाषा) उत्तर रेलवे ने सोमवार को कश्मीर से सेब लाने के लिए 21 कंटेनर-आधारित वैगन की आपूर्ति की, जो सेब उद्योग को समर्थन देने की एक और पहल है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पिछले सप्ताह कश्मीर घाटी के अनंतनाग गुड्स शेड टर्मिनल से बोगी कवर्ड वैगन (बीसीएन) और पार्सल कोच दोनों का उपयोग करके कश्मीर से दिल्ली तक 6,400 टन से अधिक सेब पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने कहा, ‘‘बारी ब्राह्मणा में लोडिंग के लिए कुल 21 वैगन उपलब्ध कराए गए। प्रत्येक वैगन में लगभग 76 विशेष कंटेनर रखे गए, जिनमें से प्रत्येक का वजन 40 किलोग्राम था।’’
सेब उद्योग को समर्थन देने के एक अन्य प्रयास में, जम्मू रेलवे डिविजन ने दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के लस्सीपोरा में कोल्ड स्टोरेज इकाइयों में सेब के भंडारण के लिए क्रेट और रैक की व्यवस्था की, जिन्हें बारी ब्राह्मणा रेलवे स्टेशन से अनंतनाग के लिए बीसीएन रेक पर लोड किया गया।
पहली बार, पफ पैनल – तापमान-नियंत्रित सेब भंडारण के लिए उपयोग किए जाने वाले इंसुलेटेड स्टील पैनल – भी अनंतनाग में उतारे गए। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ये पफ पैनल इन्सुलेशन और ऊर्जा दक्षता प्रदान करते हैं, जिससे सेबों के लिए बेहतर तापमान-नियंत्रित भंडारण गृह संभव हो पाते हैं।’’
उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल, जल्दी खराब होने वाले सामान के कुशल परिवहन के लिए कश्मीर से दिल्ली तक सेब ले जाने वाली पार्सल ट्रेनों का संचालन जारी रखे हुए है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
