इटानगर, 22 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर में स्थानीय उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से सोमवार को मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की।
अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने इंदिरा गांधी पार्क में अपने जनसभा स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी को देखा और वहां व्यापारियों से बातचीत की।
मोदी ने व्यापारियों से पूछा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में हाल के सुधारों से उन्हें क्या फायदा हुआ है।
उन्होंने प्रदर्शित स्थानीय उत्पादों के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली और सरकार के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ यह बातचीत स्थानीय व्यापार समुदाय को प्रोत्साहित करेगी। साथ ही यह सीमावर्ती राज्य में जमीनी स्तर पर उद्यमिता को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’
अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि पहले उन्हें कई तरह के करों से जूझना पड़ता था, लेकिन मोदी सरकार ने जीएसटी के जरिए ‘एक राष्ट्र, एक कर’ का सुधार किया।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे निर्माण लागत कम होगी, जबकि सस्ते कच्चे माल से किफायती स्थानीय उत्पाद तैयार करने में मदद मिलेगी।
होटल उद्योग के प्रतिनिधियों ने कहा कि जीएसटी में कटौती से घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कुछ अन्य उद्यमियों ने मत्स्य पालन और कृषि क्षेत्र को होने वाली लाभ का जिक्र किया।
मोदी ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वह उनके ब्रांड एंबेसडर के रूप में स्थानीय उत्पादों का समर्थन करते रहे हैं।
उन्होंने लोगों से स्वदेशी उत्पाद खरीदने और बेचने का आह्वान किया, और कहा कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए भारत को आत्मनिर्भर बनना होगा।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
