scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशअर्थजगतशेयर बाजार में तीन दिनों की तेजी थमी; सेंसेक्स 387 अंक टूटा, निफ्टी भी नुकसान में

शेयर बाजार में तीन दिनों की तेजी थमी; सेंसेक्स 387 अंक टूटा, निफ्टी भी नुकसान में

Text Size:

मुंबई, 19 सितंबर (भाषा) प्रमुख कंपनियों एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में मुनाफावसूली होने के कारण स्थानीय शेयर बाजार में तीन दिनों से चली आ रही तेजी शुक्रवार को थम गई। सेंसेक्स 387 अंक टूट गया जबकि निफ्टी में 96 अंक की गिरावट रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 387.73 अंक यानी 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,626.23 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 528.04 अंक गिरकर 82,485.92 अंक पर आ गया था।

एनएसई का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 96.55 अंक यानी 0.38 प्रतिशत गिरकर 25,327.05 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक में सबसे अधिक गिरावट रही।

दूसरी तरफ, अदाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, एसबीआई, एनटीपीसी और सन फार्मा के शेयर लाभ में रहे।

कारोबार के दौरान अदाणी समूह की कंपनियों में खासी तेजी देखी गई। दरअसल उद्योगपति गौतम अदाणी और उनकी अगुवाई वाले अदाणी समूह को बाजार नियामक सेबी द्वारा शेयर हेराफेरी के आरोपों में क्लीन चिट दिए जाने के बाद समूह की सभी कंपनियों में उछाल दर्ज की गई।

समूह की कंपनी अदाणी पावर में 12.40 प्रतिशत की तेजी रही जबकि अदाणी टोटल गैस में 7.53 प्रतिशत, अदाणी ग्रीन एनर्जी में 5.33 प्रतिशत, अदाणी एंटरप्राइजेज में 5.04 प्रतिशत और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में 4.70 प्रतिशत की बढ़त देखी गई।

सेबी की जांच में पाया गया कि अमेरिकी निवेश फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों के उलट समूह की कंपनियों के बीच धन हस्तांतरण किसी भी नियामकीय प्रावधानों का उल्लंघन नहीं था।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘भारतीय शेयर बाजार में कई सत्रों से जारी तेजी के बाद मुनाफावसूली हावी रही। अमेकिका-भारत व्यापार वार्ता में सकारात्मक प्रगति और वैश्विक तरलता में सुधार से निवेशक धारणा को समर्थन मिला।’

छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.16 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मिडकैप सूचकांक में 0.09 प्रतिशत की गिरावट रही।

क्षेत्रवार सूचकांकों में टिकाऊ उपभोक्ता खंड 0.52 प्रतिशत के नुकसान में रहा जबकि वित्तीय सेवा खंड में 0.42 प्रतिशत और एफएमसीजी खंड में 0.39 प्रतिशत की गिरावट रही।

साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स कुल 721.53 अंक यानी 0.88 प्रतिशत मजबूत हुआ जबकि एनएसई निफ्टी में 213.05 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए जबकि हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक क्षेत्र में बंद हुआ।

यूरोप के बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.55 प्रतिशत गिरकर 67.07 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 366.69 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।

सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 320.25 अंक चढ़कर 83,013.96 अंक और निफ्टी 93.35 अंक चढ़कर 25,423.60 अंक पर रहा था।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments