scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमविदेशपूर्व प्रधानमंत्री जिया की पार्टी की छात्र शाखा ने बांग्लादेश में विश्वविद्यालय चुनावों का बहिष्कार किया

पूर्व प्रधानमंत्री जिया की पार्टी की छात्र शाखा ने बांग्लादेश में विश्वविद्यालय चुनावों का बहिष्कार किया

Text Size:

ढाका/नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की छात्र शाखा ने ढाका विश्वविद्यालय में करारी हार के दो दिन बाद बृहस्पतिवार को एक प्रमुख सार्वजनिक विश्वविद्यालय में चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए चुनाव का बहिष्कार किया।

बीएनपी द्वारा समर्थित जातीयतावादी छात्र दल (जेसीडी) ने जमात-ए-इस्लामी समर्थित इस्लामी छात्र शिविर (आईसीएस) पर धांधली का आरोप लगाते हुए जहांगीरनगर विश्वविद्यालय केंद्रीय छात्र संघ (जेयूसीएसयू) चुनाव से हटने की घोषणा की।

आईसीएस ने मंगलवार को ढाका विश्वविद्यालय केंद्रीय छात्र संघ (डीयूसीएसयू) में भारी जीत हासिल की, जबकि जेसीडी ने चुनाव परिणामों को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में ‘‘हेरफेर’’ किया गया था।

आईसीएस, बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी पार्टी की छात्र शाखा है।

हिंसा की आशंकाओं के चलते बांग्लादेश की सेना ने राजधानी के बाहरी इलाके में स्थित जहांगीरनगर विश्वविद्यालय परिसर और उसके आसपास अर्धसैनिक बल बीजीबी (बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश) के साथ मिलकर सैनिकों को तैनात किया, जबकि इससे पहले सेना ने छात्र संघ चुनावों में सुरक्षा के लिए तैनात होने से इनकार करते हुए कहा था कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस पर्याप्त होनी चाहिए।

जेसीडी की महासचिव पद की उम्मीदवार तंजीला हुसैन बैसाखी ने कहा, ‘‘चुनाव में जमात से जुड़े एक व्यवसायी द्वारा आपूर्ति किए गए मतपत्रों और ओएमआर (ऑप्टिकल मार्क रीडिंग) मशीनों का इस्तेमाल किया गया। हमने प्रशासन को बार-बार चेतावनी दी कि इससे निष्पक्ष चुनाव नहीं हो पाएंगे, लेकिन उन्होंने हमारी मांगों को अनसुना कर दिया।’’

भाषा शफीक माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments