नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था साइबरपीस ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के पूर्व महानिदेशक एस एन प्रधान को संगठन का वैश्विक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं मुख्य सलाहकार नियुक्त करने की सोमवार को घोषणा की।
साइबरपीस ने एक बयान में कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के महानिदेशक पद की भी जिम्मेदारी संभाल चुके प्रधान की नियुक्ति एक सितम्बर, 2025 से प्रभावी हो गयी है।
भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी प्रधान अपनी नई भूमिका में साइबरपीस की वैश्विक रणनीति, साझेदारियों और प्रभावकारी कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। साथ ही वह सरकार, उद्योग और नागरिक समाज में अगली पीढ़ी के साइबर नेताओं को मार्गदर्शन भी देंगे।
प्रधान ने अपनी नियुक्ति पर कहा, ‘‘साइबर क्षति सीमाओं को नहीं मानती है। मैं साइबरपीस से जुड़कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मेरा मकसद एक ऐसे मिशन को गति देना है जो राष्ट्रों, नियामकों, मंचों एवं समुदायों को विश्वास और सुरक्षा के इर्द-गिर्द एकजुट करता है। हमारा ध्यान ठोस ढांचों, परिणामों और समावेशी क्षमता निर्माण पर होगा।’’
साइबरपीस के संस्थापक एवं वैश्विक अध्यक्ष विनीत कुमार ने कहा, ‘‘प्रधान का नेतृत्व रणनीतिक स्पष्टता और जमीनी स्तर के परिचालन अनुभव का संगम है। वैश्विक सीईओ एवं मुख्य सलाहकार के रूप में वह हमारे वैश्विक चार्टर का नेतृत्व करेंगे, साइबर मानदंडों को आगे बढ़ाएंगे… और सरकारों, बहुपक्षीय संस्थानों तथा प्रौद्योगिकी साझेदारों के साथ सहयोग को मजबूत बनाएंगे।”
भाषा
रमण प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
