नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) विशेष सामग्री निर्माता जेम एरोमैटिक्स के 451 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बुधवार को बोली के दूसरे दिन 2.90 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, तीन दिन के आईपीओ में 97,82,363 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 2,83,51,410 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 3.95 गुना अभिदान मिला, जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के कोटा को 3.19 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को 1.54 गुना अभिदान मिला।
जेम एरोमैटिक्स ने सोमवार को एंकर निवेशकों से 135 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए।
कंपनी का 451 करोड़ रुपये का आईपीओ बृहस्पतिवार को बंद होगा। इसका मूल्य दायरा 309 से 325 रुपये प्रति शेयर निर्धारित किया गया है।
यह आईपीओ 175 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयरों के निर्गम और 276.25 करोड़ रुपये मूल्य के 85 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण है।
नए निर्गम से प्राप्त राशि का उपयोग जेम एरोमैटिक्स द्वारा ऋण चुकाने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
जेम एरोमैटिक्स दो दशक से अधिक के अनुभव के साथ आवश्यक तेलों, सुगंधित रसायनों और मूल्यवर्धित डेरिवेटिव सहित विशेष सामग्रियों का निर्माता है।
इसके ग्राहक पोर्टफोलियो में कोलगेट-पामोलिव, डाबर, पतंजलि, एसएच केलकर, रोसारी बायोटेक और सिमराइज जैसे नाम शामिल हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
