scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशओडिशा में मौसम की 'रीयल टाइम' निगरानी के लिए तीन रडार लगाने की योजना: मंत्री

ओडिशा में मौसम की ‘रीयल टाइम’ निगरानी के लिए तीन रडार लगाने की योजना: मंत्री

Text Size:

भुवनेश्वर, 26 जून (भाषा) ओडिशा सरकार ने मौसम की ‘रीयल टाइम’ निगरानी के लिए तीन स्थानों पर नए रडार लगाने का निर्णय लिया है। एक मंत्री ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

बुधवार शाम मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय प्राकृतिक आपदा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि ओडिशा में अक्सर चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाएं आती हैं इसलिए राज्य को आधुनिक उपकरणों और कुशल मानव संसाधनों की आवश्यकता है।

पुजारी ने कहा, ‘मौसम संबंधी सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए संबलपुर और बालासोर में दो डॉपलर रडार लगाए जाएंगे। भुवनेश्वर में भी एक आधुनिक रडार स्थापित किया जाएगा।’

उन्होंने कहा कि राज्य में जिला स्तर पर 24 घंटे आपातकालीन नियंत्रण कक्ष चालू किए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि राज्य को इन नियंत्रण कक्षों के माध्यम से मौसम संबंधी सभी जानकारी मिलती है और तदनुसार स्थिति से निपटने के लिए योजनाएं बनाई जाती हैं।

ओडिशा में आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों की मौत हो गई है, इसलिए राज्य सरकार ने कुछ कदम उठाए हैं, जिनमें वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग की मदद से ताड़ के पेड़ लगाना भी शामिल है।

मंत्री ने कहा, ‘ताड़ के पेड़ आकाशीय बिजली के खिलाफ एक प्राकृतिक अवरोध के रूप में कार्य करते हैं।’

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार बाढ़ और चक्रवात जैसी आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे का विकास कर रही है।

भाषा शुभम मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments