scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशकांग्रेस ने आपातकाल की बरसी पर भाजपा को घेरा, केंद्र पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया

कांग्रेस ने आपातकाल की बरसी पर भाजपा को घेरा, केंद्र पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया

Text Size:

लखनऊ, 25 जून (भाषा) आपातकाल की 50वीं बरसी के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधा और उस पर संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन करने तथा जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के माध्यम से भय का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने एक बयान जारी करते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ‘‘संविधान हत्या दिवस मना रही है’’ जबकि वह संविधान को कमजोर कर रही है।

राय ने कहा, ‘‘लंबे समय से संविधान को बदलने की मंशा रखने वाली संविधान विरोधी भाजपा सरकार आज इस दिन को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मना रही है। जबकि पिछले 11 वर्षों से इसने बार-बार संवैधानिक मूल्यों की धज्जियां उड़ाई हैं तथा भय पैदा करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल किया है।’’

उन्होंने आपातकाल पर कांग्रेस पार्टी के स्पष्ट रुख को दोहराते हुए कहा कि भारत की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया था, जब जनता महज ढाई साल बाद इंदिरा गांधी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत वाली कांग्रेस सरकार को वापस ले आई।

राय ने पांच दशक बाद आपातकाल के मुद्दे को बार-बार उठाने के पीछे भाजपा की मंशा पर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा, ‘‘50 साल बाद इस पर चर्चा क्यों हो रही है? ऐसा इसलिए है क्योंकि मोदी सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। वर्तमान या भविष्य में दिखाने के लिए कुछ नहीं होने के कारण वह अतीत की ओर लौट रही है।’’

राय ने बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं और दलितों के खिलाफ बढ़ते अपराधों जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘इस युवा प्रधान देश में युवा ही बेरोजगार हैं। महंगाई आसमान छू रही हैं। भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं और दलितों के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं। चीन हमारे क्षेत्र में घुस आया है और वहां बैठा है। डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में प्रधानमंत्री मोदी ने सैन्य संघर्ष रोकने की घोषणा की, जिससे हमारे सशस्त्र बलों का मनोबल कमजोर हुआ।’’

राय ने कहा कि सरकार अतीत का हवाला देकर वर्तमान के मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है, खासकर तब जब उसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संविधान बचाओ आंदोलन की बढ़ती अपील से खतरा महसूस हो रहा है।

राय ने कहा, ‘‘सच्चाई यह है कि मोदी सरकार राहुल गांधी के संवैधानिक संघर्षों से डरी हुई है और इसीलिए वे अपनी नाकामियों और झूठ को छिपाने के लिए इस तरह के नाटक कर रहे हैं।’’

भाषा जफर खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments