बेंगलुरु, 24 मार्च (भाषा) कुछ शीर्ष अंतरराष्ट्रीय सितारे पुरुषों के एम25 आईटीएफ विश्व टेनिस टूर के लिए शहर में उतरेंगे जो 31 मार्च से छह अप्रैल तक यहां केएसएलटीए कोर्ट में आयोजित किया जाएगा।
इस टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि 30,000 डॉलर होगी। यह टूर्नामेंट कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एसएम कृष्णा को श्रद्धांजलि होगी जिन्होंने 1999 से 2020 के बीच दो दशकों तक संघ के अध्यक्ष के रूप में इसका मार्गदर्शन किया था।
कृष्णा ने 2015 से 2023 तक एआईटीए के आजीवन अध्यक्ष के रूप में भी काम किया था।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, ‘‘प्रियांक खड़गे (केएसएलटीए उपाध्यक्ष) और संघ द्वारा दिवंगत एसएम कृष्णा के नाम पर एक टूर्नामेंट की मेजबानी करना एक बहुत ही सोची-समझी पहल है। मुझे बहुत खुशी है कि उनकी विरासत को प्रशासकों के एक युवा समूह द्वारा आगे बढ़ाया जाएगा। ’’
टूर्नामेंट के क्वालीफाइंग राउंड 29 और 30 मार्च को होंगे और उसके बाद 31 मार्च से मुख्य राउंड के मैच शुरू होंगे।
भाषा नमिता
नमिता
नमिता आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
