scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतमोटर वाहन की खुदरा बिक्री जनवरी में सात प्रतिशत बढ़कर 22,91,621 इकाई

मोटर वाहन की खुदरा बिक्री जनवरी में सात प्रतिशत बढ़कर 22,91,621 इकाई

Text Size:

(शीर्षक में सुधार के साथ)

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) देश में मोटर वाहन की खुदरा बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर सात प्रतिशत बढ़कर 22,91,621 इकाई हो गई, जो विभिन्न खंडों में मजबूत मांग से प्रेरित है।

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा, जनवरी 2024 में कुल खुदरा बिक्री 21,49,117 इकाई रही थी।

फाडा के अध्यक्ष सी. एस. विग्नेश्वर ने बयान में कहा, ‘‘ हमारे अवलोकन से पता चलता है कि प्रत्येक वाहन श्रेणी 2डब्ल्यू 3डब्ल्यू, पीवी, ट्रैक्टर और सीवी में सकारात्मक गति देखी गई, जो निरंतर उपभोक्ता विश्वास तथा स्थिर बाजार सुधार की ओर इशारा करती है।’’

यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 4,65,920 इकाई पर पहुंच गई।

विग्नेश्वर ने कहा कि कई डीलरों ने मांग में सुधार का उल्लेख किया, साथ ही पिछले साल की भारी छूट की ओर भी इशारा किया जिससे पुराने मॉडलों को बेचने और पंजीकरण को स्थानांतरित करने में मदद मिली।

उन्होंने कहा कि भंडार के स्तर में सुधर हुआ है, जो लगभग पांच दिन घटकर 50-55 दिन रह गया है जो आपूर्ति-मांग संतुलन में सुधार का संकेत है।

दोपहिया वाहनों की पिछले महीने खुदरा बिक्री 15,25,862 इकाई रही, जो जनवरी 2023 की 14,65,039 इकाई की तुलना में चार प्रतिशत अधिक है।

शहरी क्षेत्रों में सालाना आधार पर बिक्री ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक रही, जो चार प्रतिशत से बढ़कर पांच प्रतिशत हो गई।

विग्नेश्वर ने बताया कि डीलरों ने नए मॉडलों की पेशकश, शादी-ब्याह की मांग और बेहतर वित्तपोषण को वृद्धि के प्रमुख चालक बताया।

हालांकि, उन्होंने कहा कि ब्याज दरों में वृद्धि, ग्रामीण इलाकों में नकदी की चुनौतियों और बाजार की अनिश्चितता के बारे में चिंताएं अब भी बनी हुई हैं।

वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़कर 99,425 इकाई हो गई।

ट्रैक्टर की बिक्री सालाना आधार पर जनवरी में पांच प्रतिशत बढ़कर 93,381 इकाई हो गई, जबकि तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री पिछले महीने सात प्रतिशत बढ़कर 1,07,033 इकाई हो गई।

फाडा ने कहा, 2025 की आशाजनक शुरुआत के बाद मोटर वाहन खुदरा क्षेत्र सतर्क आशावाद के साथ फरवरी में प्रवेश कर रहा है।

उद्योग निकाय ने कहा कि एक नवीनतम सर्वेक्षण में शामिल 46 प्रतिशत डीलर को इस महीने वृद्धि की उम्मीद है, जबकि 43 प्रतिशत को लगता है कि बिक्री स्थिर रहेगी और 11 प्रतिशत डीलर को गिरावट की आशंका है।

भाषा निहारिका

निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments